यरीहो और बेबीलोन

17,941 बार देखा गया

सिय्योन के हमारे भाई-बहनों में से छात्र विद्यालय में, कर्मचारी कार्यस्थल में, सैनिक सेना में, और गृहिणियां अपने पड़ोस में पूरे उत्साह से सुसमाचार का प्रचार कर रहे हैं। क्योंकि हम अभी अपनी परिस्थितियों में पूरा मन लगाकर प्रचार कर रहे हैं, इसलिए परमेश्वर ने बेबीलोन की शक्ति को कमजोर कर दिया है। इन दिनों में वे लोग भी, जो लंबे समय से बेबीलोन में हैं, अभी बाइबल के अनुसार सत्य को ढूंढ़ रहे हैं और सत्य ग्रहण कर रहे हैं। यह सुसमाचार में एक वर्तमान प्रवृत्ति है।

बाइबल की भविष्यवाणी के अनुसार बेबीलोन गिरने वाला है। बेबीलोन का पतन यहोशू के दिनों में हुए यरीहो के पतन के समान है। यह परमेश्वर का कार्य था कि यरीहो की दृढ़ शहरपनाह इस्राएलियों के सामने पूरी तरह से गिर गई। क्योंकि सभी इस्राएलियों ने परमेश्वर के वचन का पालन किया, इसलिए वे यरीहो को नष्ट कर सके और उस कनान देश को प्राप्त कर सके, जिसमें दूध और मधु की धाराएं बहती थीं।

अभी हम भविष्यवाणी के युग में जी रहे हैं जब बेबीलोन गिर रहा है। हम सभी को चिल्लाना और प्रचार करना चाहिए। जब हम निडर होकर दुनिया भर के सभी लोगों को पिता और माता की महिमा और उद्धार के शुभ संदेश का प्रचार करेंगे, तब भविष्यवाणी के अनुसार बेबीलोन गिर जाएगा और बहुत जल्द परमेश्वर का राज्य आएगा।

बड़ा बेबीलोन जो गिर गया है, और यरीहो

2,000 वर्ष पहले पतमुस टापू में प्रेरित यूहन्ना ने एक दृश्य देखा कि भविष्य में क्या होने वाला है, और बड़ा बेबीलोन नष्ट होने की भविष्यवाणी की।

इसके बाद मैं ने एक स्वर्गदूत को स्वर्ग से उतरते देखा, जिसे बड़ा अधिकार प्राप्त था; और पृथ्वी उसके तेज से चमक उठी। उसने ऊंचे शब्द से पुकारकर कहा, “गिर गया, बड़ा बेबीलोन गिर गया है! और दुष्टात्माओं का निवास, और हर एक अशुद्ध आत्मा का अड्डा, और हर एक अशुद्ध और घृणित पक्षी का अड्डा हो गया। क्योंकि उसके व्यभिचार की भयानक मदिरा के कारण सब जातियां गिर गई हैं, और पृथ्वी के राजाओं ने उसके साथ व्यभिचार किया है, और पृथ्वी के व्यापारी उसके सुख-विलास की बहुतायत के कारण धनवान हुए हैं।” फिर मैं ने स्वर्ग से एक और शब्द सुना, “हे मेरे लोगो, उस में से निकल आओ कि तुम उसके पापों में भागी न हो, और उसकी विपत्तियों में से कोई तुम पर आ न पड़े। क्योंकि उसके पापों का ढेर स्वर्ग तक पहुंच गया है, और उसके अधर्म परमेश्वर को स्मरण आए हैं… वह आग में भस्म कर दी जाएगी, क्योंकि उसका न्यायी प्रभु परमेश्वर शक्तिमान है। पृथ्वी के राजा जिन्होंने उसके साथ व्यभिचार और सुख-विलास किया, जब उसके जलने का धुआं देखेंगे, तो उसके लिये रोएंगे और छाती पीटेंगे। उसकी पीड़ा के डर के मारे वे बड़ी दूर खड़े होकर कहेंगे, ‘हे बड़े नगर, बेबीलोन! हे दृढ़ नगर, हाय! हाय! घड़ी भर में ही तुझे दण्ड मिल गया है।’” प्रक 18:1-10

बेबीलोन, जो इतना बड़ा और मजबूत है कि उसे पराजित करने की हिम्मत कोई भी नहीं कर सकता, अंत में गिर रहा है क्योंकि उस पर परमेश्वर का न्याय आ पड़ा है। बेबीलोन के गिरने का दृश्य ठीक प्राचीन इस्राएल में यरीहो के गिरने के दृश्य के जैसा है। वह यरीहो नगर भी, जो इस्राएलियों के सामने खड़ा था, परमेश्वर की शक्ति के सामने असहाय होकर गिर गया।

अतीत में जो भी घटित हुआ, वह आनेवाली बातों की छाया है। पुराने नियम के बीते इतिहास में बड़े यरीहो नगर का पतन एक छाया है। बड़े बेबीलोन के पतन का इससे गहरा संबंध है। यरीहो की तुलना बेबीलोन से करते हुए, आइए यह सोचें कि इस युग में परमेश्वर के लोगों का विश्वास किस प्रकार का होना चाहिए।

… फिर यहोवा ने यहोशू से कहा, “सुन, मैं यरीहो को उसके राजा और शूरवीरों समेत तेरे वश में कर देता हूं। इसलिए तुम में जितने योद्धा हैं नगर को घेर लें, और उस नगर के चारों ओर एक बार घूम आएं। और छ: दिन तक ऐसा ही किया करना। और सात याजक सन्दूक के आगे आगे मेढ़ों के सींगों के सात नरसिंगे लिए हुए चलें; फिर सातवें दिन तुम नगर के चारों ओर सात बार घूमना, और याजक भी नरसिंगे फूंकते चलें। और जब वे मेढ़ों के सींगों के नरसिंगे देर तक फूंकते रहें, तब सब लोग नरसिंगे का शब्द सुनते ही बड़ी ध्वनि से जयजयकार करें; तब नगर की शहरपनाह नेव से गिर जाएगी, और सब लोग अपने अपने सामने चढ़ जाएं।” यहो 6:1-5

कनान देश में प्रवेश करने से ठीक पहले, पहली बाधा जिसे इस्राएलियों को पार करना था, वह यरीहो नामक एक अजेय एवं दृढ़ गढ़ था। वे इस गढ़ पर आक्रमण किए बिना उस कनान देश को प्राप्त नहीं कर सकते थे, जिसमें दूध और मधु की धाराएं बहती थीं। वह एक पहाड़ था जिसे उन्हें अवश्य पार करना था, और एक प्रक्रिया थी जिससे उन्हें गुजरना था।

परमेश्वर ने उन्हें दिखाया कि कैसे वे यरीहो को आसानी से जीत सकते हैं, और सभी लोगों ने परमेश्वर के आदेश का पालन किया।

फिर सातवें दिन वे बड़े तड़के उठकर उसी रीति से नगर के चारों ओर सात बार घूम आए; केवल उसी दिन वे सात बार घूमे। तब सातवीं बार जब याजक नरसिंगे फूंकते थे, तब यहोशू ने लोगों से कहा, “जयजयकार करो; क्योंकि यहोवा ने यह नगर तुम्हें दे दिया है।”… तब लोगों ने जयजयकार किया, और याजक नरसिंगे फूंकते रहे। और जब लोगों ने नरसिंगे का शब्द सुना तो फिर बड़ी ही ध्वनि से उन्होंने जयजयकार किया, तब शहरपनाह नींव से गिर पड़ी, और लोग अपने अपने सामने से उस नगर में चढ़ गए, और नगर को ले लिया। यहो 6:15-20

जब लोग सात बार नगर के चारों ओर घूमे, तब यहोशू ने कहा, “अब समय आ गया है। जयजयकार करो!” लोगों ने एक मन होकर जयजयकार किया। उस समय, उनकी आंखों के सामने अद्भुत और अविश्वसनीय नजारा दिखा। परमेश्वर ने अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार यरीहो की शहरपनाह को गिराया और अपने लोगों को विजय दिलाई।

जब हम एक साथ चिल्लाएंगे तब बेबीलोन गिर जाएगा

गिदोन के दिनों में भी हम जयजयकार करके प्राप्त की गई जीत का इतिहास देख सकते हैं। जैसे यरीहो नगर को पराजित करते समय लोग चिल्लाए थे, ठीक वैसे ही जब गिदोन के 300 योद्धाओं ने मिद्यानियों की बड़ी सेना को हराया, उस समय भी एक जोर की चिल्लाहट थी।

उसी रात यहोवा ने उससे कहा, “उठ, छावनी पर चढ़ाई कर; क्योंकि मैं उसे तेरे हाथ कर देता हूं।”… गिदोन ने… तब उसने उन तीन सौ पुरुषों के तीन झुण्ड किए, और एक एक पुरुष के हाथ में एक नरसिंगा और खाली घड़ा दिया, और घड़ों के भीतर एक मशाल थी। फिर उसने उनसे कहा, “मुझे देखो, और वैसा ही करो; सुनो, जब मैं उस छावनी के छोर पर पहुंचूं, तब जैसा मैं करूं वैसा ही तुम भी करना। अर्थात् जब मैं और मेरे सब संगी नरसिंगा फूंकें तब तुम भी छावनी के चारों ओर नरसिंगे फूंकना, और ललकारना, ‘यहोवा की और गिदोन की तलवार’।” बीचवाले पहर के आरम्भ में ज्योंही पहरुओं की बदली हो गई थी त्योंही गिदोन अपने संग के सौ पुरुषों समेत छावनी के छोर पर गया; और नरसिंगे को फूंक दिया और अपने हाथ के घड़ों को तोड़ डाला। तब तीनों झुण्डों ने नरसिंगों को फूंका और घड़ों को तोड़ डाला; और अपने अपने बाएं हाथ में मशाल और दाहिने हाथ में फूंकने को नरसिंगा लिए हुए चिल्ला उठे, ‘यहोवा की तलवार और गिदोन की तलवार।’ तब वे छावनी के चारों ओर अपने अपने स्थान पर खड़े रहे, और सब सेना के लोग दौड़ने लगे; और उन्होंने चिल्ला चिल्लाकर उन्हें भगा दिया। और उन्होंने तीन सौ नरसिंगों को फूंका, और यहोवा ने एक एक पुरुष की तलवार उसके संगी पर और सब सेना पर चलवाई; तो सेना के लोग… भाग गए। तब इस्राएली पुरुष नप्ताली और आशेर और मनश्शे के सारे देश से इकट्ठे होकर मिद्यानियों के पीछे पड़े। न्या 7:9-23

जेबह और सल्मुन्ना तो कर्कोर में थे, और उनके साथ कोई पन्द्रह हज़ार पुरुषों की सेना थी, क्योंकि पूर्वियों की सारी सेना में से उतने ही रह गए थे; और जो मारे गए थे वे एक लाख बीस हज़ार हथियारबन्द थे। न्या 8:10

यहां पर हम आश्चर्यजनक दृश्य देख सकते हैं। इस्राएलियों ने 300 पुरुषों की छोटी सी सेना के साथ 1,35,000 मिद्यानियों को हराया। उन्होंने तलवारों या भालों या किसी अन्य विनाशकारी हथियारों से लड़ाई नहीं की, लेकिन एक शांत अंधेरी रात में वे सिर्फ चिल्लाए, “यहोवा की तलवार और गिदोन की तलवार!” उनकी जोर की चिल्लाहट ने दुश्मनों को भय और भ्रम में डाल दिया। जैसे ही नरसिंगों की आवाज यहां-वहां गूंजने लगी, घड़ों को तोड़ा गया और मशालें दिखाई पड़ीं, मिद्यानी इतने चौंक गए और उलझन में पड़े कि वे परस्पर एक दूसरे को गलती से दुश्मन समझकर तलवारों से मारने लगे। उस रात 1,20,000 मिद्यानियों को मारा गया था और 15,000 मिद्यानी भाग गए।

जब कभी भी परमेश्वर का आश्चर्यजनक कार्य होता था, इस तरह जोर की चिल्लाहट होती थी। जब यरीहो नगर को पराजित किया गया, और जब इस्राएलियों को मिद्यान के उत्पीड़न से छुड़ाया गया, परमेश्वर ने इस्राएलियों को चिल्लाहट के द्वारा दुश्मनों को हराने दिया। इस तरह इस युग में भी जब बेबीलोन गिर जाएगा, परमेश्वर ने हमसे बेबीलोन को नष्ट करने के लिए जोर की चिल्लाहट की तैयारी करने को कहा है।

परमेश्वर और मसीह यीशु को गवाह करके, जो जीवतों और मरे हुओं का न्याय करेगा, और उसके प्रगट होने और राज्य की सुधि दिलाकर मैं तुझे आदेश देता हूं कि तू वचन का प्रचार कर, समय और असमय तैयार रह, सब प्रकार की सहनशीलता और शिक्षा के साथ उलाहना दे और डांट और समझा… 2तीम 4:1-5

इस युग में हमें वचन का प्रचार करने का मिशन दिया गया है। हमें संसार में जोर से चिल्लाना चाहिए, “परमेश्वर के पास आइए और उद्धार पाइए!” यदि हम सब एकजुट होकर परमेश्वर के उद्धार के संदेश को पुकारेंगे, बेबीलोन तुरंत गिर जाएगा।

परमेश्वर ने हमें एक साथ चिल्लाने के लिए कहा। परमेश्वर ने हमें चिल्लाने की आज्ञा दी है, तो क्या हमें चुप रहना चाहिए? जब हम चिल्लाते हैं, परमेश्वर हमें विजय देते हैं। जब इस्राएली यरीहो नगर के चारों ओर सात बार घूमे थे, यरीहो थोड़ा भी नहीं हिला था। यरीहो तभी गिर गया जब वे चिल्लाए। अगर वे परमेश्वर के वचन पर विश्वास न करते और सात बार यरीहो के चारों ओर घूमने के बाद हार मान लेते, वे न तो चमत्कार देख सकते थे और न ही प्रतिज्ञा किए हुए कनान देश को पा सकते थे, जिसमें दूध और मधु की धाराएं बहती थीं। परमेश्वर के वचन पर विश्वास करके, वे एक आवाज में चिल्लाए। तब परमेश्वर का आश्चर्यजनक कार्य प्रकट हुआ।

हमारे लिए प्रतिज्ञा का देश, यानी आत्मिक कनान देश स्वर्ग का राज्य है। अनन्त स्वर्ग का राज्य आने से पहले, हमें संसार में सुसमाचार को और जोर से चिल्लाना चाहिए, ताकि जैसे परमेश्वर ने पूर्वनिर्धारित किया वैसे बेबीलोन पूरी तरह नष्ट हो सके। परमेश्वर ने कहा, “हे मेरे लोगो, उस में से निकल आओ कि तुम उसके पापों में भागी न हो, और उसकी विपत्तियों में से कोई तुम पर आ न पड़े।” जब हम एक साथ परमेश्वर की आवाज को बेबीलोन में बंधे लोगों पर चिल्लाएं, तब पृथ्वी के सब लोग वहां लौटेंगे जहां परमेश्वर रहते हैं, और परमेश्वर के उद्धार का अनुग्रह उन पर आ जाएगा।

उद्धार एलोहीम परमेश्वर, पवित्र आत्मा और दुल्हिन प्रदान करते हैं

बाइबल हम से कहती है कि परमेश्वर अपने प्रेमी लोगों को उद्धार देने के लिए इस पृथ्वी पर दूसरी बार आएंगे(इब्र 9:27-28)। हमें उद्धार देने के लिए, परमेश्वर ने हमें बाइबल दी है।

… यह जानकर दृढ़ बना रह कि तू ने उन्हें किन लोगों से सीखा है, और बचपन से पवित्रशास्त्र तेरा जाना हुआ है, जो तुझे मसीह पर विश्वास करने से उद्धार प्राप्त करने के लिये बुद्धिमान बना सकता है। 2तीम 3:12-15

वह साधन जिसका परमेश्वर इस पृथ्वी पर आकर हमें बचाने के लिए इस्तेमाल करते हैं, वह बाइबल है। बाइबल के द्वारा, हमें सही तरीके से एलोहीम परमेश्वर की आवाज को सुनना चाहिए और उनकी संतान के रूप में पूरी तरह से उनका पालन करना चाहिए।

आत्मा और दुल्हिन दोनों कहती हैं, “आ!” और सुननेवाला भी कहे, “आ!” जो प्यासा हो वह आए, और जो कोई चाहे वह जीवन का जल सेंतमेंत ले।प्रक 22:17

मैं हर एक को, जो इस पुस्तक की भविष्यद्वाणी की बातें सुनता है, गवाही देता हूं: यदि कोई मनुष्य इन बातों में कुछ बढ़ाए तो परमेश्वर उन विपत्तियों को, जो इस पुस्तक में लिखी हैं, उस पर बढ़ाएगा। यदि कोई इस भविष्यद्वाणी की पुस्तक की बातों में से कुछ निकाल डाले, तो परमेश्वर उस जीवन के वृक्ष और पवित्र नगर में से, जिसका वर्णन इस पुस्तक में है, उसका भाग निकाल देगा। प्रक 22:18-19

आत्मा और दुल्हिन दोनों कहती हैं, “आ! जो कोई चाहे वह जीवन का जल सेंतमेंत ले।” जो हमें जीवन का जल दे सकता है, वह सिर्फ परमेश्वर हैं। त्रिएक के अनुसार, पवित्र आत्मा पिता परमेश्वर हैं। फिर, पिता परमेश्वर की दुल्हिन कौन हैं?

पवित्र आत्मा पिता परमेश्वर हैं, और दुल्हिन माता परमेश्वर हैं। इसलिए उद्धार पाने के लिए, हमें उस जगह पर जाना चाहिए जहां पिता परमेश्वर और माता परमेश्वर हमें आने के लिए बुलाते हैं। यही उस बाइबल का मार्गदर्शन है, जो हमें उद्धार प्राप्त करने के लिए बुद्धि देती है।

फिर परमेश्वर ने कहा, “हम मनुष्य को अपने स्वरूप के अनुसार अपनी समानता में बनाएं; और वे समुद्र की मछलियों, और आकाश के पक्षियों, और घरेलू पशुओं, और सारी पृथ्वी पर, और सब रेंगनेवाले जन्तुओं पर जो पृथ्वी पर रेंगते हैं, अधिकार रखें।” तब परमेश्वर ने मनुष्य को अपने स्वरूप के अनुसार उत्पन्न किया, अपने ही स्वरूप के अनुसार परमेश्वर ने उसको उत्पन्न किया; नर और नारी करके उसने मनुष्यों की सृष्टि की। उत 1:26-27

सृष्टिकर्ता परमेश्वर ने खुद को “हम” कहा। और बाइबल साफ रूप से कहती है कि मनुष्य किसी स्वर्गदूत या स्वर्ग के किसी जीव के स्वरूप में नहीं, पर परमेश्वर के स्वरूप में सृजा गया था।

मनुष्य को परमेश्वर के स्वरूप में बनाया गया था, और इसके परिणामस्वरूप नर और नारी की सृष्टि की गई थी। इससे यह अर्थ निकलता है कि परमेश्वर में नर का स्वरूप और नारी का स्वरूप है, यानी नर स्वरूप के पिता परमेश्वर और नारी स्वरूप की माता परमेश्वर हैं। बहुत से लोग इसकी अलग तरीके से व्याख्या करने की कोशिश करते हैं, पर इस सत्य से इनकार नहीं किया जा सकता।

बाइबल में यह साफ-साफ दर्ज है, पर बेबीलोन ने हर संभव प्रयास से इस सत्य को छिपाने की कोशिश की है। इस बीच पूरी दुनिया में यह जाना जाने लगा कि हमारा चर्च माता परमेश्वर पर विश्वास करता है, और स्वर्गीय माता की महिमा उज्ज्वल रूप से प्रकट हो रही है। इससे शैतान भयभीत हो गया है और बेबीलोन व्याकुल हो गया है।

सिय्योन में रहनेवाले परमेश्वर के उद्धार की घोषणा करो

अगर हम बाइबल के वचनों में कुछ बढ़ाएं या उनमें से कुछ निकाल डालें, हम कभी भी स्वर्ग के राज्य में प्रवेश नहीं कर सकते। जैसे परमेश्वर ने हमें बाइबल के द्वारा सिखाया है, वैसे ही हमें सब कुछ स्वीकार करना चाहिए और उस जगह की ओर तेजी से दौड़ना चाहिए जहां पवित्र आत्मा और दुल्हिन हमें आने के लिए बुलाते हैं। बाइबल हम से कहती है कि अंतिम दिनों में पिता परमेश्वर और माता परमेश्वर सिय्योन में रहते हैं।

हमारे पर्व के नगर सिय्योन पर दृष्टि कर! तू अपनी आंखों से यरूशलेम को देखेगा… वहां महाप्रतापी यहोवा हमारे लिये रहेगा… क्योंकि यहोवा हमारा न्यायी, यहोवा हमारा हाकिम, यहोवा हमारा राजा है, वही हमारा उद्धार करेगा। यश 33:20-22

सिय्योन जहां परमेश्वर हमारे साथ रहते हैं, वहां परमेश्वर के नियत पर्व मनाए जाते हैं। परमेश्वर ने दुनिया भर के सभी लोगों को सिय्योन में जल्दी आने का निमंत्रण भेजा है, जहां पिता परमेश्वर और माता परमेश्वर रहते हैं।

आइए हम एक मन होकर सभी लोगों को मेहनत से यह निमंत्रण दें। परमेश्वर ने कहा कि उचित समय पर वह अपने सभी लोगों का हृदय एक कर देंगे और उनके भीतर नई आत्मा उत्पन्न करेंगे।

परन्तु तू उन से कह, “प्रभु यहोवा यों कहता है… ‘मैं उनका हृदय एक कर दूंगा, और उनके भीतर नई आत्मा उत्पन्न करूंगा, और उनकी देह में से पत्थर का सा हृदय निकालकर उन्हें मांस का हृदय दूंगा, जिससे वे मेरी विधियों पर नित चला करें और मेरे नियमों को मानें; और वे मेरी प्रजा ठहरेंगे, और मैं उनका परमेश्वर ठहरूंगा।’” यहेज 11:16-20

जब यरीहो नगर गिर गया था, परमेश्वर ने एक साथ चिल्लाने के लिए इस्राएलियों के हृदय को एक कर दिया था। इस युग में भी, परमेश्वर अपने लोगों के हृदय को एक कर देते हैं। भविष्यवाणी के अनुसार, सिय्योन के सभी लोग, चाहे किसी भी उम्र या लिंग के हों, अभी एक मन होकर सुसमाचार का प्रचार कर रहे हैं, और बहुत से लोग सत्य को ग्रहण करके परमेश्वर के पास लौट रहे हैं।

अब जाग उठने का और सुसमाचार की तुरही फूंकने का समय है। जैसे उस हर एक इस्राएली को, जो यरीहो नगर के सामने खड़ा था, चिल्लाना पड़ा, वैसे ही सिय्योन के हर एक सदस्य को, जो बेबीलोन के सामने खड़ा है, जोर-जोर से चिल्लाना चाहिए। यह हमारा ऐतिहासिक मिशन है। यरीहो का पतन परमेश्वर की प्रतिज्ञा के अनुसार इस्राएलियों की चिल्लाहट के द्वारा हुआ था। उसी तरह से यह परमेश्वर की अंतिम भविष्यवाणी है कि बेबीलोन के पतन से ठीक पहले परमेश्वर के लोगों की जोरदार चिल्लाहट होगी। सिय्योन के भाइयो और बहनो! मैं आग्रहपूर्वक आशा करता हूं कि आप सभी उद्धार के शुभ संदेश को सामरिया और पृथ्वी की छोर तक जोर से चिल्लाने के द्वारा परमेश्वर से बहुतायत से आशीष पाएं।