क्यों चर्च ऑफ गॉड में क्रूस नहीं है?

118,754 बार देखा गया
लेख सुनें 15:34
आज मैंने अपनी सहकर्मी के साथ बातचीत की, लेकिन मैं उसे ठीक से नहीं समझा सकी। मैं उदास हूं।
किसके बारे में बातचीत की?
वह चर्च में जाती है, इसलिए मैंने उसे बताया कि क्रूस खड़ा नहीं करना चाहिए क्योंकि वह एक मूर्ति है। तब उसने मुझसे पूछा कि क्रूस चर्च का एक चिन्ह है, तो यह कैसे एक मूर्ति बन सकता है? मैंने उसे विस्तार से समझाना चाहा, पर मुझे कुछ याद नहीं था। कृपया आप मुझे फिर से समझाइए कि क्रूस क्यों मूर्ति है।
हां जरूर। पहले आइए हम दस आज्ञाओं को देखें?

“तू अपने लिए कोई मूर्ति खोदकर न बनाना, न किसी की प्रतिमा बनाना, जो आकाश में, या पृथ्वी पर, या पृथ्वी के जल में है। तू उनको दण्डवत् न करना, और न उनकी उपासना करना…” निर्ग 20:4–5

क्या परमेश्वर ने ऐसा कहा कि मूर्ति बनाना तो ठीक है, लेकिन केवल मूर्ति को दण्डवत् न करो या उसकी उपासना न करो?
नहीं। परमेश्वर ने कोई मूर्ति न बनाने के लिए कहा।
परमेश्वर नहीं चाहते कि हम किसी चीज से परमेश्वर की तुलना करके कोई प्रतिमा बनाएं। क्रूस भी कोई अपवाद नहीं है। यह “प्रतिमा न बनाना और उसे दण्डवत् न करना” इस वचन का उल्लंघन करता है।
हां, मुझे कुछ याद आ गया। जब भी मेरी सहकर्मी प्रार्थना करती थी, वह अपनी मेज पर रखे गए क्रूस के सामने सिर झुकाती थी।
भले ही वे हठ करते हैं कि क्रूस सिर्फ चर्च का एक चिन्ह है, फिर भी वे इसमें अपना मन लगाने के लिए और इसका विशेष अर्थ लगाने के लिए मजबूर होते हैं। परमेश्वर इसके बारे में सब जानते हैं, इसलिए उन्होंने पहले से हमसे कुछ भी न बनाने का अनुरोध किया। परमेश्वर ने ऐसा कार्य करने से कई बार बड़ी कड़ाई से मना किया।

“तुम अपने लिए मूरतें न बनाना, और न कोई खुदी हुई मूर्ति या लाट अपने लिए खड़ी करना, और न अपने देश में दण्डवत् करने के लिए नक्काशीदार पत्थर स्थापित करना; क्योंकि मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूं।” लैव 26:1

यहां पर भी परमेश्वर ने हमसे कहा कि मूर्ति न बनाना और उसको दण्डवत् न करना, है न? ऐसा कार्य परमेश्वर के लिए नहीं, पर सिर्फ मनुष्य की संतुष्टि के लिए है।
खुदी हुई मूर्ति, लाट और नक्काशीदार पत्थर का मतलब क्या है?
खुदी हुई मूर्ति, लाट और नक्काशीदार पत्थर, ये सब मूर्तियां हैं। यदि कोई अपने विश्वास के लिए लकड़ी या पत्थर से कोई प्रतिमा बनाता है, तो यह प्रतिमा एक मूर्ति बनती है।
हां, क्रूस भी लकड़ी या धातु से बनाई गई एक प्रतिमा है।
इतना ही नहीं, कोई विशेष प्रतिमा बनाकर उसका धार्मिक अर्थ लगाना यह एक ऐसी प्रथा है, जो ईसाई धर्म से नहीं, पर पराये देवताओं के धर्मों से शुरू हुई।

अन्यजातियों की चाल मत सीखो… क्योंकि देशों के लोगों की रीतियां तो निकम्मी हैं। मूरत तो वन में से किसी का काटा हुआ काठ है जिसे कारीगर ने बसूले से बनाया है। लोग उसको सोने–चांदी से सजाते और हथौड़े से कील ठोंक ठोंककर दृढ़ करते हैं कि वह हिल–डुल न सके। वे ककड़ी के खेत में खड़े पुतले के समान हैं, पर वे बोल नहीं सकतीं; उन्हें उठाए फिरना पड़ता है, क्योंकि वे चल नहीं सकतीं। उनसे मत डरो, क्योंकि न तो वे कुछ बुरा कर सकती हैं और न कुछ भला। यिर्म 10:2–5

मनुष्य के हाथों से बनाई गई चीजें चाहे बहुत सुन्दरता से सजाई गई हों, फूस के पुतले के समान हैं जिसका हम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। मगर बहुत से लोग एक ताबीज की तरह क्रूस पहनते हैं या अपनी कारों पर लगाते हैं और फिर सोचते हैं कि, ‘यह क्रूस मुझे खतरे से बचाएगा।’
क्या आपने कहा कि प्रतिमा बनाकर उसे स्थापित करने की प्रथा पराये देवताओं के धर्मों से शुरू हुई? तो फिर प्रथम चर्च में जिसे यीशु ने स्थापित किया था, क्या क्रूस नहीं था?
जरूर! क्रूस के प्रति प्रथम चर्च का रवैया आज के रवैए से बिल्कुल अलग था। उस समय क्रूस को चर्च के चिन्ह के रूप में मानना तो दूर, वे उसे भयानक वस्तु के रूप में मानते थे।

“क्रूस को ईसाई धर्म के चिन्ह के रूप में मसीही लोगों के द्वारा कॉनस्टॅन्टीन के समय में चुना गया था। क्रूस के भयानक अनुभवों और क्रूस पर चढ़ाए जाने के डर से घिरे हुए प्रथम मसीहियों को भावुकता से क्रूस को सुशोभित करने में कोई आपत्ति नहीं थी।” Baker’s Dictionary of Theology, पृष्ठ 152

आपका मतलब है कि पतरस और पौलुस जैसे लोग क्रूस को बिल्कुल पसंद नहीं करते थे, है न? तब हमें भी उनके जैसा आचरण रखना चाहिए।
हां, सही बात है। वह प्रतिमा जो प्रथम मसीहियों के लिए बुरी तरह डरा देने वाली थी, आज पवित्र मानी जाती है और चर्च के चिन्ह के रूप में सुशोभित की जाती है। जब हम इसके बारे में सोचते हैं, तो यह सच में दुखी करने वाली बात है।
यदि लोग चर्च जाते हुए भी बाइबल के ऐसे वचन की अनदेखी करके क्रूस जैसी मूर्तियों की पूजा करें, तो उनका क्या होगा?
परमेश्वर ने पहले से चेतावनी दी कि मूर्तिपूजकों का परिणाम कैसा होगा?

“शापित हो वह मनुष्य जो कोई मूर्ति कारीगर से खुदवाकर या ढलवाकर निराले स्थान में स्थापन करे, क्योंकि इससे यहोवा घृणा करता है।” व्य 27:15

क्या वे ऐसा काम करते हुए जिसे परमेश्वर घृणित मानते हैं, आशीष प्राप्त करने की अपेक्षा कर सकते हैं? यदि वे सच में परमेश्वर से प्रेम रखते, तो उन्हें ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिसके लिए परमेश्वर ने मना किया।
मैंने परमेश्वर की शिक्षा को स्पष्ट रूप से समझा है। कल मैं इसके बारे में जरूर अपनी सहकर्मी को बताऊंगी!
मुझे अच्छा लगा कि मैं आपकी मदद कर सका। मुझे आशा है कि आप उसे अच्छी तरह समझाएं!

क्यों चर्च ऑफ गॉड में क्रूस नहीं है?

15:34
0:00 15:34

प्लेबैक गति

1x

यह आवाज़ AI द्वारा उत्पन्न है। कुछ भिन्नताएँ हो सकती हैं।